डीडीयू नगर/चंदौली ::मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों द्वारा एक दुकानदार पर किए गए जानलेवा हमले से इलाके में दहशत फैल गई है। गंभीर रूप से घायल दुकानदार का इलाज वाराणसी के अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के हरिशंकरपुर निवासी 50 वर्षीय महेंद्र नाथ प्रसाद प्रजापति, जिनकी सतपोखरी प्लॉट में जनरल स्टोर की दुकान है, 28 मार्च की रात दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान हरिशंकरपुर (चांदपुर) स्थित मस्जिद के पास घात लगाए अज्ञात हमलावरों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट कर दुकान की चाबी और बिक्री की नगदी लूट ली और फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल दुलहीपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया। बाद में स्थिति और बिगड़ने पर उन्हें भिखारीपुर स्थित एपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।पीड़ित के पुत्र रोहित कुमार की तहरीर पर मुगलसराय पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 110 के तहत एफआईआर संख्या 0142/2026 दर्ज कर ली है। मामले की जांच उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह को सौंपी गई है।
इस घटना को लेकर भागीदारी पार्टी के प्रदेश प्रमुख भोलानाथ प्रजापति के नेतृत्व में पार्टी के जिला अध्यक्ष शशिकांत, कोषाध्यक्ष दशरथ प्रजापति, जिला प्रभारी मनोज कुमार प्रजापति सहित अन्य पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार सुबह मुगलसराय कोतवाली पहुंचा और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कार्यकर्ता सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।