चन्दौली पुलिस का सराहनीय प्रयास: मिशन शक्ति के तहत बिछड़े दम्पत्ति को कराया एक, परिवार में लौटी खुशियां
चन्दौली ब्यूरो :: जनपद चन्दौली में पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक रिश्तों को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभा रही है। “मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0” के तहत चन्दौली पुलिस लगातार टूटते परिवारों को जोड़ने का काम कर रही है।
इसी क्रम में थाना मुगलसराय स्थित मिशन शक्ति केन्द्र ने एक बिछड़े दम्पत्ति को पुनः एक साथ लाने में सफलता हासिल की। पारिवारिक विवाद के चलते अलग रह रहे पति-पत्नी को पुलिस द्वारा नोटिस और मोबाइल के माध्यम से बुलाया गया।
मिशन शक्ति केन्द्र में दोनों पक्षों को पारिवारिक मूल्यों और रिश्तों के महत्व के बारे में समझाया गया। पुलिस की काउंसलिंग और अथक प्रयासों के बाद दोनों ने अपनी पुरानी गलतियों को स्वीकार करते हुए आपसी सहमति से दोबारा साथ रहने का निर्णय लिया।
इस पहल के जरिए न सिर्फ एक परिवार को टूटने से बचाया गया, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी दिया गया कि संवाद और समझदारी से हर समस्या का समाधान संभव है।