चंदौली में वैश्य समाज की बैठक में जुटे समाज के प्रमुख लोग

चंदौली/मुगलसराय :: अलीनगर क्षेत्र के आलमपुर स्थित विकल्प ऑटो बाइक सेंटर के कैम्प कार्यालय में वरिष्ठ समाजसेवी राजकुमार जायसवाल के नेतृत्व में वैश्य समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वैश्य समाज उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अजय केसरी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि समाज के पिछड़े रहने का एक बड़ा कारण राजनीति से दूरी बनाना है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि वैश्य समाज व्यापार के साथ-साथ राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभाए और अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।

उन्होंने आगे कहा कि राजनीति एक ऐसी कुंजी है जो अनेक समस्याओं का समाधान करती है। केवल आर्थिक रूप से मजबूत होना पर्याप्त नहीं है, जब तक राजनीतिक रूप से सशक्त नहीं होंगे, तब तक समाज का शोषण होता रहेगा। उन्होंने सभी से तन, मन और धन से संगठन को मजबूत करने और समाज के उत्थान के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान जिले में नए पदाधिकारियों का मनोनयन भी किया गया। इसमें राजकुमार जायसवाल को जिला अध्यक्ष, सुरेश गुप्ता को जिला संगठन मंत्री, राहुल जायसवाल को जिला कोषाध्यक्ष, दीपेश गुप्ता को जिला महामंत्री, राजन गुप्ता को जिला मंत्री, शिवरतन गुप्ता को जिला उपाध्यक्ष, आशीष जायसवाल एवं संजय कुमार साहू को मीडिया प्रभारी तथा शिव पूजन को जिला सूचना मंत्री नियुक्त किया गया।

इसके साथ ही प्रदेश स्तर पर भी कुछ महत्वपूर्ण मनोनयन किए गए, जिनमें वरिष्ठ भाजपा नेत्री गीता रानी गुप्ता को प्रदेश मंत्री (महिला मोर्चा) और वरिष्ठ समाजसेवी सतीश कुमार जिंदल को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया।

कार्यक्रम में भाजपा नेता संतोष कुमार गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और संगठन को मजबूत करने पर बल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *