थाना बबुरी पुलिस की कार्रवाई, 12 मामलों से जुड़ी 4419.6 लीटर अवैध शराब को जेसीबी से नष्ट किया गया

चंदौली ब्यूरो :: जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत थाना बबुरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में जब्त की गई शराब का विनष्टीकरण कराया।

पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर और पुलिस अधीक्षक चंदौली श्री आकाश पटेल के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के अंतर्गत 12 अभियोगों से संबंधित कुल 4419.6 लीटर अवैध अंग्रेजी, देशी और कच्ची शराब को नष्ट किया गया। इस शराब की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई। विनष्टीकरण प्रक्रिया के दौरान पुलिस टीम और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में थाना परिसर में जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाकर शराब को उसमें डालकर पूरी तरह नष्ट किया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई।

विनष्टीकृत शराब का विवरण:

  • देशी/कच्ची शराब: 90.6 लीटर
  • अंग्रेजी शराब: 4329 लीटर

इस दौरान अभियोजन अधिकारी, आबकारी विभाग, न्यायालय कर्मियों और थाना बबुरी पुलिस टीम के अधिकारी मौजूद रहे, जिनकी देखरेख में यह पूरी कार्रवाई नियमानुसार संपन्न कराई गई।

‘ऑपरेशन दहन’ के तहत लगातार हो रही इस तरह की कार्रवाइयों से अवैध शराब कारोबारियों पर बड़ा दबाव बन रहा है और जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *