पश्चिमी विक्षोभ के असर से आंधी-बारिश जारी, अगले दो दिन और खराब मौसम का अलर्ट
चंदौली। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जिले में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। मंगलवार की रात कई क्षेत्रों में तेज आंधी और बारिश हुई, जिससे तापमान सामान्य से नीचे आ गया है। जहां एक ओर इस बेमौसम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर किसानों की चिंता बढ़ गई है।
विशेष रूप से गेहूं की तैयार फसल पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है। तेज हवाओं और बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसल गिरने लगी है, जिससे उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। कई किसानों ने फसल खराब होने की चिंता जताई है।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। शुक्रवार को तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। ऐसे में किसानों के सामने फसल बचाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
