चहनियां/चंदौली :: स्कूल चलो अभियान एवं सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन सोमवार को चहनियां-मथेला स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) परिसर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक सुशील सिंह, विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता सूर्यमुनि तिवारी तथा अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।कार्यक्रम के आयोजक अजय सिंह ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा कुल 97 सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं 2 शिक्षामित्रों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय मथेला की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की आकर्षक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
अपने संबोधन में विधायक सुशील सिंह ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान सदैव किया जाना चाहिए, क्योंकि शिक्षक कभी भी वास्तव में सेवानिवृत्त नहीं होते। उन्होंने टीईटी (TET) से जुड़े मुद्दे पर कहा कि वह शीघ्र ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मिलकर प्रभावित शिक्षकों को राहत दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षकों के अनुभव को देखते हुए उन्हें टीईटी में छूट मिलनी चाहिए और इस दिशा में सरकार सकारात्मक कदम उठाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार हुए हैं और विद्यालयों का सुंदरीकरण किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी एस.पी. सहाय, यमुना ग्रुप कॉलेज के संतोष सिंह, राष्ट्रीय शैक्षिक संघ के जिलाध्यक्ष अजय सिंह सहित अनेक शिक्षक, अनुदेशक, शिक्षामित्र एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य विकायल भारती ने की, जबकि संचालन ईश्वर चंद्र त्रिपाठी एवं मीनाक्षी दीक्षित द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।