कर-करेत्तर वसूली की समीक्षा बैठक संपन्न, एडीएम ने राजस्व वसूली में तेजी लाने के दिये निर्देश पांच वर्ष से अधिक लंबित मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

चंदौली :: 23 फरवरी 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार की अध्यक्षता में कर, करेत्तर, राजस्व संग्रह एवं प्रवर्तन कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।अपर जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार को निर्देशित किया कि तहसीलों में लंबित न्यायिक वादों के निस्तारण में तेजी लाई जाए तथा पांच वर्ष या उससे अधिक समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।

बैठक के दौरान मंडी, आबकारी, परिवहन, खनन, स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग की वसूली और प्रवर्तन कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करें, जिससे सरकारी राजस्व में वृद्धि सुनिश्चित हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि राजस्व वसूली में गिरावट या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधूरे आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा निर्माण कार्य प्रारंभ न करने वाले लाभार्थियों से नियमानुसार वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी ने न्यायालयों में लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष बल देते हुए कहा कि अनावश्यक देरी से बचते हुए न्याय प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित किया जाए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विभागीय कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं तथा डाटा फीडिंग जैसे तकनीकी कार्यों की नियमित निगरानी स्वयं की जाए, जिससे कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनी रहे।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, उप निदेशक कृषि भीमसेन, जिला आबकारी अधिकारी, सहायक सम्भागीय अधिकारी सर्वेश गौतम, डिप्टी आरएमओ राधवेंद्र सिंह, उपायुक्त उद्योग, मंडी सचिव, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Times Today

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed