Screenshot


चंदौली ब्यूरो :: जनपद चंदौली में राजनीतिक सरगर्मी उस समय और बढ़ गई जब भाजपा नेता सूर्यमुनी तिवारी ने सपा सांसद वीरेंद्र सिंह और सपा विधायक प्रभु नारायण यादव पर तीखे आरोप लगाए।
प्रेस वार्ता में तिवारी ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी मिली कि सांसद वीरेंद्र सिंह ने पोस्ट कर दावा किया है कि उनके प्रयास से वाराणसी जिले में एक सड़क स्वीकृत हुई है। इस पर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब चंदौली की कई सड़कें और विकास कार्य लंबित हैं, तब सांसद द्वारा दूसरे जिले के कार्यों को प्राथमिकता देना चंदौली के साथ सौतेला व्यवहार दर्शाता है।


तिवारी ने आरोप लगाया कि विधायक प्रभु नारायण यादव प्रदेश सरकार द्वारा स्वीकृत सड़क एवं अन्य विकास कार्यों को अपना बताकर प्रचारित कर रहे हैं तथा कथित रूप से ठेकेदारों पर दबाव बना रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि निधि से होने वाले कार्यों में कमीशनखोरी की प्रवृत्ति को बढ़ावा दिया जा रहा है, जो पूरी तरह अनुचित है।
भाजपा नेता ने कहा कि उनके नेता एवं पूर्व सांसद डॉ. महेंद्रनाथ पाण्डेय ने हमेशा चंदौली को जोड़ने और विकास की मुख्यधारा में आगे बढ़ाने का कार्य किया। “उन्होंने धर्म की तरह सबको साथ लेकर चलने की परंपरा निभाई, जबकि वर्तमान सांसद होली से पूर्व चंदौली के साथ सौतेला व्यवहार कर रहे हैं,” तिवारी ने कहा।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भ्रष्टाचार के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार की पारदर्शी व्यवस्था में ऐसे कृत्य स्वीकार्य नहीं हैं और यदि कहीं भी अनियमितता पाई जाती है तो कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
भाजपा नेता सूर्यमुनी तिवारी ने यह भी कहा कि चंदौली की जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर उचित निर्णय लेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *