रिपोर्ट : नन्दलाल शर्मा
चहनियां (चन्दौली)। ग्राम सभा खंडवारी स्थित पंचायत भवन में रविवार को किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री हेतु विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में बड़ी संख्या में किसानों ने पहुंचकर अपना पंजीकरण कराया और योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

कृषि विभाग की टेक्निकल असिस्टेंट शिवांगी पाण्डेय ने उपस्थित किसानों को फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया विस्तार से समझाई। उन्होंने बताया कि जो लाभार्थी सरकार द्वारा किसान सम्मान निधि का लाभ (पेंशन) प्राप्त कर रहे हैं, उनके लिए फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य है। यदि समय पर रजिस्ट्री नहीं कराई गई तो सम्मान निधि की किस्त प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पंजीकृत किसानों को कम दरों पर बीज उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके लिए बिसापुर गोदाम से संपर्क किया जा सकता है। जो किसान अब तक सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं, वे खंडवारी के पंचायत सहायक अजय कुमार गुप्ता के माध्यम से नया आवेदन करा सकते हैं।
कैंप के दौरान पंचायत सहायक अजय कुमार गुप्ता, दीपू चौहान, नत्थू यादव, सोनू चौहान, राकेश यादव, बृजेश यादव, विकास यादव सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।