डीडीयू नगर (चंदौली)। नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) चंदौली तथा रेडक्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में नगर के सुभाष पार्क के समीप स्थित एक होटल में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और गीत-संगीत के बीच उत्साहपूर्वक पर्व मनाया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सीएमओ डॉ. वाई.के. राय ने रेडक्रॉस सोसाइटी के सदस्यों को पहचान पत्र भी वितरित किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीएमओ डॉ. वाई.के. राय द्वारा भगवान धनवंतरी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी की पहचान विश्व स्तर पर मानव सेवा के लिए है। उन्होंने सभी चिकित्सकों से आह्वान किया कि वे रेडक्रॉस से जुड़कर समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
इसके बाद आयोजित काव्य गोष्ठी में मिर्जापुर से आईं कवियत्री पूनम श्रीवास्तव ने “होली खेलन बरसाने में आ जइयो श्याम” गीत प्रस्तुत कर माहौल को होलियाना बना दिया। वहीं गाजीपुर से आए कवि हेमंत निर्भिक ने शहीद जवान के पार्थिव शरीर के पास विलाप करती मां का मार्मिक वर्णन कर उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया, जिससे कई लोगों की आंखें नम हो गईं।
