धानापुर (चंदौली) :: थाना क्षेत्र की भदाहूं चौकी के प्रभारी पर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है। पीड़िता का कहना है कि रात के समय बिना किसी महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी के उसे और उसके पति को घर से जबरन बाहर निकाला गया, उनके साथ धक्का-मुक्की की गई और बाद में सुनसान स्थान पर छोड़ दिया गया, जिससे उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हुआ।महिला के अनुसार, अगले दिन फिर से उन्हें उठाकर दो दिनों तक हिरासत में रखा गया और उसके बाद उसके पति को जेल भेज दिया गया। पीड़िता ने चौकी प्रभारी पर अभद्र व्यवहार, पुलिस नियमों के उल्लंघन और एक पक्ष विशेष का समर्थन करने का आरोप लगाया है।पीड़िता का कहना है कि गांव में जमीन को लेकर विवाद चल रहा है, जिसमें पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए उसके पति को प्रताड़ित किया। उनका आरोप है कि पूरी कार्रवाई बिना किसी वैधानिक प्रक्रिया और महिला पुलिसकर्मी की उपस्थिति के की गई, जो पुलिस प्रोटोकॉल के खिलाफ है।महिला ने बताया, “हमें रात में घर से खींचकर बाहर निकाला गया, धक्का दिया गया और सुनसान जगह पर छोड़ दिया गया। अगले दिन फिर वही घटना दोहराई गई।”पीड़िता ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। यह घटना स्थानीय स्तर पर पुलिस की कार्यशैली और ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही है।