मुगलसराय (चंदौली) :: जिले के मुगलसराय-बबुरी मार्ग पर शनिवार को सड़क निर्माण कार्य के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आई। गिट्टी गिराते समय एक हाइवा ट्रक का डाला ऊपर उठने पर विद्युत तार उसमें फंस गया, जिससे सड़क किनारे लगा बिजली का पोल क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक गिट्टी खाली कर रहा था तभी डाला उठाते वक्त ऊपर से गुजर रहा बिजली का तार उसमें उलझ गया। अचानक झटका लगने से पोल टेढ़ा हो गया और गिरने जैसी स्थिति बन गई। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने भागकर खुद को सुरक्षित किया।

घटना के बाद चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण कर रही कंपनी लगातार सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रही है, जिससे इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।

सूचना मिलने पर संबंधित विभाग और पुलिस के मौके पर पहुंचने की बात कही जा रही है। वहीं बिजली विभाग को भी पोल और तारों की मरम्मत के लिए सूचित कर दिया गया है।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाली कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

स्त्रोत: तीसरी आँख

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *