रिपोर्ट : आर.के. पांडेय मिर्जापुर
मिर्जापुर ब्यूरो :: मीरजापुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने करीब 50 लाख रुपये मूल्य का 100 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में एक हिस्ट्रीशीटर समेत कुल पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही होंडा सिटी कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) नितेश सिंह के नेतृत्व में थाना पड़री पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने 4 अप्रैल को मुखबिर की सूचना के आधार पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि वे उड़ीसा के संबलपुर से गांजा लाकर मीरजापुर, प्रयागराज समेत आसपास के जिलों में सप्लाई करते थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।