चंदौली। जनपद में लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी चंदौली के निर्देश पर शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को जिले के कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में पठन-पाठन कार्य बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार द्वारा गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 को जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, जनपद में लगातार हो रही बारिश के कारण विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में परेशानी हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों पर लागू होगा आदेश
जारी आदेश के मुताबिक जिले के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध तथा अन्य सभी विद्यालयों में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक शिक्षण कार्य बंद रहेगा।
शिक्षकों और कर्मचारियों को विद्यालय में रहना होगा उपस्थित
हालांकि, विद्यालयों में पठन-पाठन कार्य बंद रहने के बावजूद सभी प्रधानाध्यापक, प्रधानाचार्य, शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
विद्यालयों में उपस्थित रहकर शिक्षक एवं कर्मचारी अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की तैयारी के साथ अन्य शासकीय कार्यों को पूर्ववत सुचारू रूप से संपन्न करेंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और प्रधानाचार्यों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जनगणना का कार्य इस निर्णय से प्रभावित नहीं होगा।
फिलहाल यह आदेश केवल 30 अक्टूबर 2026 के लिए जारी किया गया है। ऐसे में अभिभावकों और विद्यार्थियों को आगे की जानकारी के लिए विद्यालय प्रशासन के संपर्क में रहने की सलाह दी जाती है l