चंदौली ब्यूरो :: जनपद के ग्राम सभा अमरीपुर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव गांव के बाहर स्थित काली मंदिर के पास एक पुलिया में मिला।
मृतक की पहचान आनंद पांडेय उर्फ ‘बीरू’ के रूप में हुई है, जो बीती शाम से लापता था। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे गांव की कुछ महिलाओं ने पुलिया से एक पैर बाहर निकला हुआ देखा। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला।

शव की पहचान आनंद पांडेय उर्फ ‘बीरू’ के रूप में हुई, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला चिकित्सालय भेजा, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।