मुगलसराय (चन्दौली): उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं पूर्व शहर अध्यक्ष रामजी गुप्ता ने एक विज्ञप्ति जारी कर दिल्ली पुलिस द्वारा भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उदय भानु चिब को गिरफ्तार किए जाने की कड़ी निंदा की है।
रामजी गुप्ता ने अपने बयान में कहा कि केंद्र सरकार के दबाव में दिल्ली पुलिस द्वारा इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब एवं अन्य युवा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पूरी तरह गैरकानूनी और लोकतंत्र विरोधी है। उन्होंने कहा कि देश का संविधान प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण विरोध करने का अधिकार देता है, लेकिन नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार इस अधिकार को दबाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि तानाशाही प्रवृत्ति वाली सरकार को यह समझना चाहिए कि लोकतंत्र में युवाओं का अपनी आवाज उठाना, सवाल पूछना और विरोध करना कोई अपराध नहीं, बल्कि लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है। कांग्रेस पार्टी और उसके कार्यकर्ता इन दमनकारी नीतियों से डरने वाले नहीं हैं और जनता की आवाज को निरंतर बुलंद करते रहेंगे।
रामजी गुप्ता ने मांग करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे गिरफ्तार सभी यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तत्काल रिहा किया जाए।
Oplus_131072