प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, बिना दस्तावेज रखे मिले वाणिज्यिक सिलेंडर
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) / चंदौली | 14 मार्च 2026:
चंदौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) स्थित काली महाल क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध एलपीजी गैस रिफिलिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान मौके से कुल 11 छोटे-बड़े गैस सिलेंडर, रिफिलिंग उपकरण और अन्य सामान बरामद किए गए।
जानकारी के अनुसार इस स्थान पर लंबे समय से घरेलू और वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग का कार्य किया जा रहा था। प्रशासन को इसकी सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान सप्लाई इंस्पेक्टर ममता सिंह और कूड़ा बाजार चौकी प्रभारी विजय राज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। तलाशी के दौरान मकान के अंदर करीब 10 वाणिज्यिक गैस सिलेंडर पाए गए, जिनके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
पूछताछ के दौरान मकान मालकिन सरिता यादव ने अधिकारियों को बताया कि उन्होंने यह मकान संतोष जायसवाल नामक व्यक्ति को किराए पर दिया था। उसी ने यहां गैस सिलेंडर रखे थे और अवैध गतिविधि संचालित की जा रही थी।
बताया जा रहा है कि छापेमारी की सूचना मिलते ही संतोष जायसवाल मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
सप्लाई इंस्पेक्टर ममता सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई है। मौके से बरामद सभी सिलेंडर और उपकरणों को जब्त कर लिया गया है तथा संबंधित गैस एजेंसी से भी मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी से अनुमोदन मिलने के बाद इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई और मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।