चंदौली। जनपद चंदौली की अलीनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मानसनगर कॉलोनी स्थित इंडेन गैस गोदाम में सेंध लगाकर सिलेंडर चोरी करने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 30 इंडेन गैस सिलेंडर, एक टाटा मैजिक वाहन, नकदी और चोरी में इस्तेमाल उपकरण बरामद किए हैं।

रात में गश्त के दौरान पुलिस ने पकड़ा चोर

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस टीम 29 अक्टूबर की रात गश्त कर रही थी। इसी दौरान मानसनगर स्थित इंडेन गैस गोदाम के पास खड़खड़ाहट की आवाज सुनाई दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो एक युवक गोदाम में सेंध लगाकर सिलेंडर चोरी करता मिला। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान रोहित खरवार के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, उसने अपने भाई मोहित खरवार और साथी रतन गौड़ के साथ चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि चोरी के 11 सिलेंडर टाटा मैजिक से पटनवा निवासी सुधीर सिंह के यहां पहुंचाए गए हैं।

चार गिरफ्तार, 30 सिलेंडर बरामद

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सुधीर सिंह के घर दबिश दी और तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, कुल 30 सिलेंडर बरामद हुए, जिनमें 19 गोदाम से और 11 सुधीर सिंह के घर से मिले।

गिरफ्तार आरोपियों में रोहित खरवार, मोहित खरवार, रतन गौड़ और सुधीर सिंह शामिल हैं। पुलिस ने टाटा मैजिक वाहन संख्या UP65MT3612, एक लोहे का पेचकस, 6,400 रुपये नकद और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

अलीनगर पुलिस की कार्रवाई से चोरी का खुलासा

इस मामले में थाना अलीनगर पर मुकदमा संख्या 664/2026, धारा 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम की इस कार्रवाई से गैस सिलेंडर चोरी की घटना का खुलासा हुआ है।