
जनपद चन्दौली के चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय के समीप संचालित बद्रीनाथ अस्पताल में ऑपरेशन के बाद जन्मे नवजात की वाराणसी में उपचार के दौरान मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सक पर उपचार में लापरवाही समेत कई गंभीर आरोप लगाते हुए तहसील दिवस में उपजिलाधिकारी चकिया से शिकायत की है।

बबुरी थाना क्षेत्र के भदौलीया निवासी अर्जुन अपनी पत्नी किरण देवी को प्रसव के लिए बद्रीनाथ अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार, अस्पताल में किरण देवी का ऑपरेशन कराया गया, जिसके बाद जन्मे नवजात की हालत गंभीर हो गई। स्थिति बिगड़ने पर चिकित्सक द्वारा नवजात को बेहतर उपचार के पहले चकिया किनाराम अस्पताल में इलाज करा कर फिर वाराणसी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि नवजात की हालत गंभीर होने के संबंध में अस्पताल की ओर से उन्हें उचित जानकारी नहीं दी गई। उनका यह भी आरोप है कि प्रसव के बाद उन्हें नवजात को देखने तक नहीं दिया गया और इलाज के नाम पर उनसे लाखों रुपये लिए गए। मामले को लेकर परिजनों में आक्रोश है।
परिजनों ने पूरे मामले की तहसील दिवस में उपजिलाधिकारी से शिकायत पर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी उक्त चिकित्सक पर उपचार में लापरवाही के आरोप लगाए जा चुके हैं। वहीं, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने मामले में आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।