मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के पड़ाव-मुगलसराय मार्ग पर शनिवार की भोर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार मामा-भांजे की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार 7 नवंबर 2026 को सुबह करीब चार बजे पड़ाव चौराहे से मुगलसराय की तरफ जाते समय ग्राम मड़िया, जलीलपुर स्थित घंटावीर बाबा मंदिर के पास सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से स्कूटी पीछे से टकरा गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर पर सड़क किनारे सजावटी बिजली के खंभे लगाए जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार उस्मान और उनके मामा जुबैर गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना पर पहुंची पीआरबी पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल पास के लतीफ हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। ट्रामा सेंटर में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।मृतकों की पहचान उस्मान पुत्र इस्लाम, निवासी सतपोखरी तथा उनके मामा मोहम्मद जुबैर, निवासी रायबरेली के रूप में हुई है। बताया गया कि जुबैर रायबरेली से नींबू पुर शादी आयोजन कार्यक्रम में आए थे। वही से अपनी बहन शबाना के घर सतपोखरी आ गए थे। मामा को छोड़ने भांजा स्कूटी से पड़ाव क्षेत्र के नीबूपुर गांव में जा रहे थे। बारात में शामिल होने के बाद उस्मान स्कूटी से अपने मामा को छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हादसा हो गया।परिजनों के अनुसार, उस्मान चार भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर पर थे। उनकी शादी महज छह महीने पहले हुई थी। हादसे में परिवार के दो सदस्यों की मौत से गांव और रिश्तेदारों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस के अनुसार, मौके पर कानून व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।