चंदौली। जनपद में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में अलीनगर थाना क्षेत्र के रेवास गांव में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक मनबढ़ युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को गांव की गलियों में घुमाया, जिसकी चर्चा क्षेत्र में तेजी से हो रही है।
जानकारी के अनुसार, रेवास गांव स्थित बाजार से पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। उस पर एक व्यक्ति के साथ लाठी-डंडों से मारपीट करने और फायरिंग करने का गंभीर आरोप है। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। आखिरकार पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार युवक का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आरोपी को गांव की गलियों में घुमाए जाने को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस की इस पहल से आम लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।