पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय), चंदौली। नगर पालिका परिषद मुगलसराय के वार्ड नंबर 12 स्थित चंधासी कुशवाहा बस्ती में 11 नवंबर को गौ माता की बछिया ‘मुनिया’ का पहला जन्मदिन बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। समाजसेवी एवं सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक देवीदयाल सिंह ने अपने आवास पर इस खास अवसर को यादगार बनाने के लिए विशेष आयोजन किया।

कार्यक्रम के दौरान मुनिया को तिलक लगाकर, फूलों की माला पहनाकर और पुष्प वर्षा कर उसका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इसके बाद मोमबत्तियां जलाकर और केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। उपस्थित लोगों ने मुनिया को फलाहार कराया तथा उसे खूब स्नेह और आशीर्वाद दिया।

इस अवसर पर देवीदयाल सिंह की पत्नी मंजू सिंह, जो नवहीं ग्रामसभा स्थित प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापिका हैं, बिहार में शिक्षिका बेटी ज्योति सिंह, दामाद इंजीनियर अरविंद मौर्य, पुत्र अधिवक्ता हर्षवर्धन सिंह, पोते अनुभव शाक्य, बहू सुषमा मौर्य सहित परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के बच्चे मौजूद रहे। गौ सेवा से जुड़े सीताराम मौर्य एवं जग्गू चौहान ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

देवीदयाल सिंह रेवसा पंचफेड़वा स्थित आदि हिंदू विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने इस आयोजन के माध्यम से गौवंश के प्रति प्रेम, संवेदना और सेवा भाव का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मुगलसराय के प्रसिद्ध अभी स्टूडियो के फोटोग्राफर अभिषेक सागर एवं अभिनव सागर भी उपस्थित रहे। उन्होंने पूरे आयोजन के खूबसूरत पलों को अपने कैमरे में कैद किया।

इस मौके पर उपस्थित लोगों ने कहा कि गौ सेवा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। गौ माता और उनके वंश के प्रति प्रेम, सम्मान और सेवा का भाव समाज में जीवों के प्रति संवेदनशीलता को बढ़ावा देता है। मुनिया का पहला जन्मदिन समारोह इसी प्रेम और सेवा भावना का एक अनूठा उदाहरण बना।