धनबाद में दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट, आठ जोन और तीन सुपर जोन में बंटा जिला; पंडालों में सीसीटीवी और अग्नि सुरक्षा के निर्देश

धनबाद। दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए धनबाद पुलिस प्रशासन ने सख्त तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में एसएसपी प्रभात कुमार की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, रात्रि गश्ती, चोरी और गृहभेदन की घटनाओं पर रोक लगाने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, आईपीएस अंकित सिन्हा समेत जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ, अंचल निरीक्षक और थाना प्रभारी मौजूद रहे। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों की पूजा समितियों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा।

डीजे बजाने पर होगी कार्रवाई

एसएसपी प्रभात कुमार ने निर्देश दिया कि दुर्गा पूजा के दौरान डीजे पर रोक संबंधी आदेशों का सख्ती से पालन कराया जाए। नियमों का उल्लंघन करने पर लाइसेंस रद्द करने के साथ पूजा समिति के जिम्मेदार पदाधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

हर पंडाल पर रहेगी पुलिस की नजर

पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के सभी पूजा पंडालों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है। पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने तथा महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाने को कहा गया है, ताकि भीड़ के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

सहायता केंद्र पर जरूरी नंबर अनिवार्य

प्रत्येक पूजा पंडाल के पास सहायता केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। यहां पुलिस, अस्पताल, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन, बिजली विभाग और जिला प्रशासन के संपर्क नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने होंगे। इससे आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को समय पर सहायता मिल सकेगी।

आठ जोन और तीन सुपर जोन में बंटा जिला

दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए धनबाद जिले को आठ जोन और तीन सुपर जोन में बांटा गया है। रात में गश्ती व्यवस्था की निगरानी डीएसपी से लेकर एसएसपी स्तर तक के अधिकारी करेंगे। चोरी, गृहभेदन और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने सभी पूजा समितियों से नियमों का पालन करने और प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का उद्देश्य दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के मां दुर्गा के दर्शन कर सकें।