मिर्जापुर। अदलहाट थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। मिर्जापुर के प्रसिद्ध चिनिया पहलवान के भतीजे गोलू पहलवान, जिन्हें क्षेत्र में उभरते हुए पहलवान के रूप में देखा जा रहा था, सुबह करीब 5 बजे हनुमान जी के मंदिर के पास स्थित कुएं में मृत पाए गए।

बताई जा रही जानकारी के अनुसार, गोलू पहलवान की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि उनका शव कुएं से बाहर निकाले जाने के बाद उनकी बहन यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकीं और उन्होंने भी फांसी लगा ली। इस घटना में भाई-बहन दोनों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। दोनों की मौत से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

इस हृदयविदारक घटना से हाजीपुर गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है।