लखनऊ। रक्षाबंधन से पहले उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बुजुर्ग महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। सरकार ने 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में आजीवन निशुल्क यात्रा की योजना को मंजूरी दी है।

इस योजना का नाम लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना रखा गया है। इसके तहत 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की पात्र महिलाएं रोडवेज की सामान्य बसों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी। सरकार का यह फैसला बुजुर्ग महिलाओं के लिए राहत भरा माना जा रहा है, क्योंकि उन्हें अस्पताल, बाजार, बैंक और अन्य जरूरी कामों के लिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी।

सरकार के अनुसार इस योजना से प्रदेश की बड़ी संख्या में बुजुर्ग महिलाओं को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को इस निशुल्क बस यात्रा योजना की शुरुआत की। रक्षाबंधन के अवसर पर सरकार के इस फैसले को महिलाओं के लिए विशेष उपहार के तौर पर देखा जा रहा है।

वहीं, रक्षाबंधन के लिए 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक महिलाओं और उनके एक सहयोगी को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा भी दी जा रही है।