चंदौली / इलिया :: शहाबगंज विकासखंड के ताला गांव में आयोजित दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। युवा शक्ति वनांचल के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
समापन अवसर पर खेल मैदान तालियों की गूंज और खिलाड़ियों के उत्साह से सराबोर रहा। मंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर एवं स्पोर्ट्स सूट प्रदान कर सम्मानित किया। पंडित बच्चन जी महाविद्यालय की प्रथम स्थान प्राप्त छात्राओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं।
अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ओलंपिक, एशियाई और कॉमनवेल्थ खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी एवं आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, पोषण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नई खेल नीति-2023 लागू की गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्पोर्ट्स कॉलेज, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और आधुनिक इंजरी सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और उपचार की सुविधा मिल सके। एकलव्य कोष के माध्यम से खिलाड़ियों के प्रशिक्षण एवं अन्य आवश्यक खर्चों का वहन भी सरकार द्वारा किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने वॉलीबॉल खेलकर प्रतियोगिता का औपचारिक समापन किया। इस अवसर पर विधायक कैलाश आचार्य, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, युवा कल्याण के पूर्व प्रदेश सचिव एवं वृक्ष बंधु परशुराम सिंह, ग्राम प्रधान नारायण यादव सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संतोष यादव ने किया।
— Bharat Times Today News – इलिया / चंदौली