फरियादियों की समस्याएं सुन अधिकारियों को किया निर्देशित, सरकारी स्कूलों में सुविधाओं की दी जानकारी

चंदौली ब्यूरो :: राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, उत्तर प्रदेश के सदस्य सत्येन्द्र कुमार बारी (बीनू) ने जनपद भ्रमण के दौरान जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के उपरांत पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में प्रेस वार्ता का भी आयोजन किया गया।

प्रेस वार्ता के दौरान आयोग सदस्य ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी बच्चों को शिक्षा से जोड़ना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से पिछड़े वर्ग सहित सभी वर्गों के बच्चों का नामांकन बढ़ाने और शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार करने पर बल दिया। साथ ही अभिभावकों को सरकारी स्कूलों में उपलब्ध स्मार्ट क्लास, आधुनिक सुविधाओं एवं अन्य संसाधनों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक बच्चे इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में परिषदीय विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध हैं और शिक्षा व्यवस्था में लगातार सुधार हो रहा है। विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, स्वच्छ वातावरण, खेल मैदान, गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन तथा शुद्ध पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। इसके अलावा अभ्युदय कोचिंग सेंटर के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को भी लाभ मिल रहा है।आयोग सदस्य ने ‘आयोग आपके द्वारा’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पहल के तहत आयोग गांव-गांव जाकर लोगों को उनके अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दे रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।

उन्होंने जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी को निर्देशित किया कि वे अपने विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिल सके।

— Bharat Times Today News – चंदौली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed