मुगलसराय (चंदौली)। पीडीडीयू नगर कोतवाली क्षेत्र के सहजौर गांव स्थित रिंग रोड पर शनिवार देर रात करीब साढ़े 10 बजे बाइक चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। कहासुनी के बाद फायरिंग की घटना में चार युवक घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रिंग रोड पर मोटरसाइकिल चलाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद कुछ ही देर में बढ़ गया। इसी दौरान एक पक्ष के युवक ने असलहा निकालकर फायरिंग कर दी, जिससे चार युवक गोली लगने से घायल हो गए।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायल युवकों की पहचान
घायलों की पहचान इस प्रकार है—
- कृष्णा यादव (25), निवासी गोहदा, थाना सकलडीहा
- सोनू यादव (24), निवासी छेमिया, थाना मुगलसराय
- गोलू यादव उर्फ राजकुमार (25), निवासी पुरवा, थाना बबुरी
- अक्षय सिंह (26), निवासी चकिया, जनपद
बताया जा रहा है कि छेमिया निवासी सोनू यादव के पेट में गोली लगी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य तीन युवक खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। एहतियातन क्षेत्र में कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
पीडीडीयू नगर के सीओ अरुण सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में रुपए के लेनदेन का विवाद सामने आया है, जिसे घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।
फिलहाल क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है।
