दिल्ली :: भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए फास्टैग वार्षिक पास शुल्क में संशोधन करने की घोषणा की है। अब वार्षिक पास की फीस मौजूदा 3,000 रुपये से बढ़ाकर 3,075 रुपये कर दी गई है। यह बढ़ी हुई फीस 1 अप्रैल 2026 से लागू होगी।
इस संशोधन को राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क (दर निर्धारण एवं संग्रह) नियम, 2008 के प्रावधानों के तहत किया गया है। देश में 56 लाख से अधिक फास्टैग उपयोगकर्ताओं के साथ, निजी वाहन मालिकों के बीच फास्टैग वार्षिक पास तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
संशोधित शुल्क वैध फास्टैग वाले पात्र गैर-व्यावसायिक वाहनों पर लागू होगा। यह पास उन वाहनों के लिए है जो राष्ट्रीय राजमार्गों और राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे पर लगभग 1,150 टोल प्लाजा पर वार्षिक पास सुविधा का लाभ उठाना चाहते हैं। फास्टैग वार्षिक पास से बार-बार रिचार्ज करने की आवश्यकता समाप्त हो जाती है। एक बार का भुगतान एक वर्ष की वैधता या 200 टोल प्लाजा पार करने के लिए मान्य होता है।
फास्टैग वार्षिक पास को राजमार्ग यात्रा ऐप या NHAI की वेबसाइट के माध्यम से भुगतान करने के बाद, वाहन से जुड़े मौजूदा फास्टैग पर दो घंटे के भीतर सक्रिय किया जा सकता है।
15 अगस्त 2025 को लॉन्च किए गए इस पास को मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया दर्शाती है कि यह सुविधा राष्ट्रीय राजमार्ग यात्रियों को अधिक सुविधा और किफायती यात्रा विकल्प प्रदान करती है।
स्रोत:पीआईबी
