डीडीयू नगर (चंदौली) :: उत्तर प्रदेश पुलिस सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा में पूछे गए एक प्रश्न को लेकर चंदौली में सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद ने इस प्रश्न पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे समाज में जातीय भावना को आहत करने वाला बताया है।
पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने कहा कि भर्ती परीक्षा में इस प्रकार का प्रश्न शामिल होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इससे समाज के एक वर्ग की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने मांग की कि SI भर्ती परीक्षा का प्रश्न तैयार करने वाले और उसे परीक्षा में शामिल करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि भर्ती परीक्षाएं युवाओं के भविष्य से जुड़ी होती हैं, इसलिए इनमें किसी भी प्रकार की विवादित या आपत्तिजनक सामग्री शामिल नहीं होनी चाहिए।
रामकिशुन यादव ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में जातीय आधार पर समाज को बांटने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इस मामले को गंभीर बताते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
पूर्व सांसद ने कहा कि सरकार को इस मामले में तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और समाज में सौहार्द बना रहे।
