चंदौली जनपद के सैयदराजा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गौतस्करी में संलिप्त दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो पिकअप वाहनों से कुल 19 गोवंश (जिसमें एक मृत) बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देश पर जनपद में गौतस्करी के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर एवं क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

26 मार्च 2026 को पुलिस टीम सैयदराजा कस्बे के तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध पिकअप वाहन एनएच-2 हाईवे से चंदौली की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम जेठमलपुर तिराहे के पास बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू की।

करीब 20-25 मिनट बाद दोनों पिकअप वाहन आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर वाहन चालकों ने रफ्तार बढ़ाकर पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास किया। इस दौरान एक वाहन बैरियर से टकराकर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ा, जबकि दूसरा वाहन आगे जाकर सर्विस लेन में बंद हो गया।

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पिकअप वाहन संख्या MP17ZS3374 से चालक व परिचालक को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दूसरे वाहन का चालक मौके से फरार हो गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इख्तियार खां (24 वर्ष) निवासी जिला मऊगंज, मध्य प्रदेश एवं पंकज आदिवासी (21 वर्ष) निवासी मऊगंज, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान पिकअप वाहन संख्या MP17ZS3374 से 13 गोवंश तथा वाहन संख्या UP70NT0913 से 6 गोवंश बरामद हुए। कुल मिलाकर 19 गोवंश (एक मृत) पुलिस ने कब्जे में लिए।

पुलिस ने इस मामले में थाना सैयदराजा में मु.अ.सं. 90/2026 के तहत उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/5बी/8, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 तथा बीएनएस की धारा 109/325/3(5) में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

बरामदगी:

  • 19 गोवंश (1 मृत सहित)
  • 2 पिकअप वाहन
  • 2 मोबाइल फोन

गिरफ्तार अभियुक्त:

  • इख्तियार खां (जिला मऊगंज, मध्य प्रदेश)
  • पंकज आदिवासी (जिला मऊगंज, मध्य प्रदेश)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *