पिकअप चालक ने खुद रुकवाया वाहन, भाई और साथियों संग मिलकर लूट का रचा ड्रामा; चार आरोपी गिरफ्तार
चंदौली ब्यूरो :: मुगलसराय रिंग रोड पर पिकअप चालक से हुई लूट की घटना का मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस वारदात में कोई बाहरी बदमाश नहीं, बल्कि चालक का सगा भाई और उसके साथी ही शामिल निकले।
पुलिस के मुताबिक, 1 अप्रैल की रात कुरहना अंडरपास के पास सर्विस लेन में पिकअप चालक रोहित पटेल ने खुद वाहन रुकवाया। इसी दौरान मोटरसाइकिल से पहुंचे उसके भाई विपिन कुमार सिंह, आकाश सिंह और विशाल पटेल ने वादी रविन्द्र कुमार को तलवार दिखाकर मारपीट की और करीब 45 हजार रुपये व मोबाइल फोन लूट लिया।
जांच में खुलासा हुआ कि रोहित पटेल ने ही अपने भाई को पहले से फोन कर जानकारी दी थी कि वह गोरखपुर से लौट रहा है और उसके पास बिक्री के पैसे हैं। इसी आधार पर पूरी साजिश रची गई। घटना को असली रूप देने के लिए आरोपियों ने रोहित के साथ भी मारपीट कर उसका मोबाइल और सोने का लॉकेट छीनने का नाटक किया।घटना के अगले दिन सभी आरोपी इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी स्थित नाचघर मैदान में लूट के पैसे बांटने के लिए इकट्ठा हुए थे।
इसी दौरान पुलिस ने दबिश देकर चारों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपियों के पास से 23 हजार रुपये नगद, दो मोबाइल फोन, एक सोने का लॉकेट और वारदात में प्रयुक्त तलवार बरामद की है।
प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
