मुगलसराय पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हाईवे पर सो रहे ड्राइवरों से करता था चोरी
📍चंदौली, 10 अप्रैल 2026 | भारत टाइम्स टुडे न्यूज़
जनपद चंदौली के थाना मुगलसराय पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए ट्रक चालकों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 7 मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत, थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में मुगलसराय पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए हमीदपुर मार्ग पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कमलेश यादव (27 वर्ष) पुत्र राजकुमार यादव, निवासी विशुनपुरा थाना जमालपुर, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जीटी रोड हाईवे पर खड़े ट्रकों में सो रहे ड्राइवर और खलासी के मोबाइल फोन चोरी करता था। आरोपी का मानना था कि बाहरी राज्यों के ट्रक चालक चोरी की ज्यादा तलाश नहीं करते और आगे बढ़ जाते हैं, जिससे वह आसानी से बच निकलता था।
बरामदगी का विवरण:
पुलिस ने आरोपी के पास से विभिन्न कंपनियों के कुल 7 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें प्रमुख रूप से:
- रियलमी 12 प्रो
- वनप्लस
- iQOO
- वीवो V43
- वीवो Y31
- ओप्पो
साथ ही एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
आरोपी के खिलाफ पहले से कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें चोरी, आर्म्स एक्ट, धमकी और अन्य आपराधिक मामले शामिल हैं।
इस सफलता में थाना मुगलसराय पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की अहम भूमिका रही, जिनकी तत्परता से यह गिरफ्तारी संभव हो सकी।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।