डीडीयू नगर/चंदौली :: नगर पालिका इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान पांच नामित सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर नगर क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए 2 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद की चेयरमैन सोनू किन्नर ने की।
राज्यपाल द्वारा मनोनीत सभासदों में राकेश कनौजिया, रानी गुप्ता, कमलाकर दुबे, रमेश चंद शर्मा और भीम मोदी ने शपथ ग्रहण कर अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

इस दौरान विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि विकास कार्यों को तेज गति देने के लिए यह पहल महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि अन्य व्यस्तताओं के बावजूद वे कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने और क्षेत्रीय विकास को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रस्तावित परियोजनाएं नगर के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएंगी।
वहीं चेयरमैन सोनू किन्नर ने कहा कि नए सभासदों के जुड़ने से नगर के विकास कार्यों में और तेजी आएगी तथा जनहित के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।कार्यक्रम में एसडीएम अनुपम मिश्रा, ईओ राजीव मोहन सक्सैना सहित कई गणमान्य व्यक्ति, स्थानीय नागरिक और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
(रिपोर्ट: राहुल कुमार – BharatTimesToday News के लिए विशेष)