: कटरा कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े वारदात, बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी घटना को अंजाम
मीरजापुर ब्यूरो :: उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में शनिवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कटरा कोतवाली थाना क्षेत्र के कतवारूपुर इलाके में एक वरिष्ठ अधिवक्ता की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह के समय अधिवक्ता पर अचानक हमला किया गया। बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए उन्हें निशाना बनाया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जो अब जांच का अहम हिस्सा बन चुकी है।
घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि भागते समय बदमाश हथियार लहराते हुए क्षेत्र में दहशत फैलाते नजर आए।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (SP) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस टीम द्वारा आसपास के इलाके में घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।