चकिया पुलिस की कार्रवाई, अपाची बाइक सवार दो आरोपियों के पास से 32 बोर पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद
जनपद चन्दौली के चकिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अभियुक्तों को अवैध असलहा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में की गई।
जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम गढ़वा घाट कुटिया, ग्राम सोनबरसा के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक अपाची मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 32 बोर का अवैध असलहा और 2 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रमोद कुमार पटेल (निवासी तिलौली कला, थाना कर्मा, जिला सोनभद्र) और प्रमोद कुमार यादव (निवासी केवली, थाना घोरावल, जिला सोनभद्र) के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान प्रमोद पटेल ने बताया कि वह ट्रांसपोर्ट का काम करता है और उसने अपनी सुरक्षा के लिए यह असलहा खरीदा था। उसने यह भी बताया कि यह हथियार उसे प्रमोद यादव के माध्यम से बिहार से दिलवाया गया।
वहीं, प्रमोद यादव ने बताया कि बिहार के हाटा क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें असलहा और कारतूस उपलब्ध कराया था। दोनों आरोपी उसे लेकर अपने घर लौट रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना चकिया में मु.अ.सं. 102/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी का विवरण:
- 01 अवैध असलहा (32 बोर)
- 02 जिंदा कारतूस (32 बोर)
- 01 अपाची मोटरसाइकिल (UP64BB1531)
दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा प्रमोद यादव पर पहले से मारपीट व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है।