चंदौली:– पी डी डी यू नगर के द गुरुकुलम स्कूल में मंगलवार को ‘आरोहण-1.0’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। एम.एफ. सभागार में आयोजित इस समारोह में विद्यार्थियों की शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक उपलब्धियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने ‘त्रिवेणी संगम’ के माध्यम से नृत्य, संगीत व वाद्य की आकर्षक प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
समारोह में कक्षा तृतीय से उच्च कक्षाओं तक के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विशेष रूप से कक्षा दसवीं की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले में श्रेष्ठ स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित किया गया। इनमें संस्कृति सिंह (97.6%), वैष्णवी सिंह (97.2%) एवं विपिन कुमार (96.2%) सहित अन्य छात्र-छात्राएं शामिल रहे, जिनकी उपलब्धियों ने विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
‘सफलता की आवाज’ सत्र में विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और सफलता के मूलमंत्र बताए। साथ ही आईआईटी बीएचयू ‘प्रज्ञान-2026’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस दौरान विद्यालय के ‘संस्कारम सभागार’ का उद्घाटन किया गया। प्रधानाचार्या प्रियंका मुखर्जी ने ‘उत्कृष्टता एवं परिवर्तन की यात्रा’ विषय पर संबोधन देते हुए विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि सुभाष तुलस्यान जी एवं विशिष्ट अतिथि विजय शुक्ला जी ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अंत में उप-प्रधानाचार्या ने धन्यवाद ज्ञापित किया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक, सभी शिक्षक एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अपने बच्चों को मंच पर सम्मानित होते देख अभिभावकों में विशेष उत्साह और गर्व का वातावरण देखने को मिला।