इंग्लिश में 99 अंक हासिल कर बढ़ाया जिले का मान
चंदौली ब्यूरो :: चंदौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर अंतर्गत कैलाशपुरी क्षेत्र में उस समय खुशी की लहर दौड़ गई, जब सीबीएसई बोर्ड ने 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित किया। परिणाम जारी होते ही विद्यालय परिसर से लेकर कैलाशपुरी तक जश्न का माहौल बन गया।
कैलाशपुरी निवासी मदन ओझा की पुत्री अनुष्का ने अपने विद्यालय एस॰जी॰पब्लिक स्कूल में बायोलॉजी वर्ग से 92% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। अनुष्का ने इंग्लिश विषय में 99 अंक तथा बायोलॉजी में 94 अंक अर्जित कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
रिजल्ट घोषित होने के बाद विद्यालय प्रबंधन ने अनुष्का को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। वहीं उनके घर पर भी बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।

बताया जाता है कि अनुष्का प्रारंभ से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। इससे पहले उन्होंने 10वीं की परीक्षा में भी 92% अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया था।
संवाददाता से बातचीत के दौरान अनुष्का ने बताया कि अब वह नीट परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। उनका सपना डॉक्टर बनकर गरीब और असहाय लोगों का निःशुल्क इलाज करना है, ताकि आर्थिक अभाव के कारण होने वाली मौतों को कम किया जा सके।
वहीं अनुष्का के पिता मदन ओझा ने बताया कि वह भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता होने के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते हैं, जिसके कारण उनका अधिकतर समय समाज सेवा में व्यतीत होता है। उन्होंने कहा कि अनुष्का की सफलता के पीछे उनकी मां विभा ओझा का सबसे बड़ा योगदान है, जिनकी देखरेख में उसकी पढ़ाई पूरी हुई।
उन्होंने उन विद्यार्थियों को भी संदेश दिया जिनके अंक इस बार अपेक्षा के अनुसार नहीं आए हैं। उन्होंने कहा कि कम अंकों से निराश होने की आवश्यकता नहीं है। अंक केवल प्रतिभा को प्रदर्शित करने का एक माध्यम हैं, जबकि वास्तविक महत्व ज्ञान का होता है। मेहनत जारी रखें और अगली बार बेहतर प्रदर्शन करें।