/चंदौली: बलुआ थाना परिसर में मंगलवार शाम पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल ने स्थानीय व्यापारियों के साथ सुरक्षा को लेकर संवाद किया। बैठक के बाद व्यापार मंडल चहनियां की ओर से एसपी को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।एसपी आकाश पटेल ने थाने का स्थलीय निरीक्षण कर शिकायत रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क, शस्त्रागार आदि व्यवस्थाओं को परखा। थाने की साज-सज्जा और बागवानी देख उन्होंने सराहना की।व्यापारियों के साथ बैठक में एसपी ने भरोसा दिलाया कि किसी भी समस्या पर स्थानीय थाना तुरंत मदद करेगा। उन्होंने चहनियां कस्बे में लगने वाले जाम से लोगों को जल्द निजात दिलाने का आश्वासन दिया। साथ ही ओवरलोड वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए बलुआ पुल के पास लगे बैरिकेडिंग की जानकारी भी ली।इस मौके पर एडिशनल एसपी अनन्त चंद्रशेखर, सीओ सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा, थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह सहित सभी चौकी प्रभारी मौजूद रहे। व्यापारी पक्ष से चहनिया व्यापार मंडल अध्यक्ष भानू प्रताप यादव, समाजसेवी अजय सिंह, गोपाल गुप्ता, पूर्व प्रधान सरिद्वार यादव, शिवलाल जायसवाल, जयप्रकाश यादव, निकेश सिंह, ध्रुव मिश्रा, उमेश गुप्ता, राजन सेठ, मुन्ना सिंह समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।