फर्जी UPI बनाकर विदेश में रह रहे खाताधारक के खाते से निकाले लाखों रुपये

चन्दौली। थाना बलुआ पुलिस एवं साइबर सेल चन्दौली की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए UPI के माध्यम से लाखों रुपये की साइबर धोखाधड़ी करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी तरीके से मोबाइल नंबर जोड़कर UPI ID एवं PIN तैयार किया और बैंक खाते से ₹2,76,362.50 की धोखाधड़ी कर ली।

पुलिस के अनुसार, यह मामला थाना बलुआ क्षेत्र के ग्राम पुरवाँ नादी निवासी दिनेश निषाद से जुड़ा है। पीड़ित दिनेश निषाद वर्ष 2021 में रोजगार के लिए दुबई चले गए थे। अप्रैल 2026 में भारत लौटने के बाद जब वह Union Bank of India की रामगढ़ शाखा में KYC अपडेट कराने पहुंचे, तब उन्हें जानकारी हुई कि उनके बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति द्वारा फर्जी UPI बनाकर अलग-अलग तिथियों में कुल ₹2.76 लाख से अधिक की रकम निकाल ली गई है।

पीड़ित की शिकायत पर थाना बलुआ में मु0अ0सं0 126/26 के तहत विभिन्न धाराओं एवं आईटी एक्ट की धारा 66D में मुकदमा दर्ज किया गया।

टैक्सी स्टैंड के पास से आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक चन्दौली के निर्देशन में थाना बलुआ प्रभारी अरुण प्रताप सिंह एवं साइबर सेल प्रभारी मिर्जा रिजवान बेग के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त विशाल पटेल पुत्र राकेश पटेल निवासी रायपुरकला थाना सुजानगंज जनपद जौनपुर को सकलडीहा जाने वाले टैक्सी स्टैंड, थाना मुगलसराय क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

ऐसे करता था साइबर फ्रॉड

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने नवंबर 2025 में एक नया सिम कार्ड लिया था। उसी मोबाइल नंबर के जरिए फर्जी तरीके से PhonePe UPI ID और PIN तैयार किया। पहले ट्रायल के रूप में खाते में ₹1 भेजकर सिस्टम चेक किया। सफलता मिलने के बाद उसने अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर कर निकालना शुरू कर दिया।

आरोपी ने बताया कि उसने लगभग ₹2.62 लाख की रकम निकालकर उससे मकान निर्माण कराया तथा घरेलू सामान खरीदे। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त

  • विशाल पटेल पुत्र राकेश पटेल
  • निवासी: ग्राम रायपुरकला, थाना सुजानगंज, जनपद जौनपुर
  • उम्र: लगभग 24 वर्ष