पिस्टल के बल पर राहगीरों को लूटने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पुलिस टीम पर भी की फायरिंग
चन्दौली। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चन्दौली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना बलुआ पुलिस ने चहनियां बाजार में दिनदहाड़े पिस्टल के बल पर लूट करने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की, जिसमें एक उपनिरीक्षक घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी।
दिनदहाड़े राहगीर से लूटे थे मोबाइल और नगदी
पीड़ित गोविन्द मिश्रा निवासी मिश्रपुरा थाना बलुआ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 3 जून 2026 को वह चहनियां बाजार गए थे। इसी दौरान पल्सर बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोककर पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी देते हुए उनका VIVO मोबाइल फोन तथा ₹3200 नगद लूटकर फरार हो गए।
मामले में थाना बलुआ पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई।
CCTV और मुखबिर की मदद से पुलिस को मिली सफलता
पुलिस ने क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर ली। शनिवार सुबह सूचना मिली कि आरोपी भागने की फिराक में हैं। इसके बाद बलुआ पुल के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने दोनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी बाइक लेकर भाग निकले।
कुछ दूरी पर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें उपनिरीक्षक जमीलुद्दीन खान घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी अनुपम पाण्डेय उर्फ गोलू के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे आरोपी आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
भारी मात्रा में बरामदगी
पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से—
- 01 अवैध पिस्टल
- 01 अवैध 315 बोर असलहा
- 02 खोखा कारतूस
- लूटा गया मोबाइल फोन
- ₹2500 नगद
- घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (UP67AP0524)
