रिपोर्ट: संतोष यादव चंदौली
मुगलसराय, 24 जुलाई। शुक्रवार दोपहर एल.बी.एस. कॉलेज, मुगलसराय के छात्र-छात्राओं ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने सकलडीहा मोड़ से चकिया तिराहा तक पैदल मार्च निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की।
पैदल मार्च का नेतृत्व छात्र संघ नेता अंकित ने किया। इस दौरान विकास यादव (विक्की), राकेश यादव, सीमा प्रजापति, आरिफ, अविनाश लखन, शिवम मिश्रा, अभिषेक कुमार, आशीष कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की तथा शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।

छात्र नेताओं ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कई गंभीर मुद्दों पर सरकार अपेक्षित कदम उठाने में विफल रही है। उनका कहना था कि छात्रों के हितों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए और सरकार को शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ठोस एवं प्रभावी निर्णय लेने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
मार्च के दौरान छात्रों ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखी। मार्ग पर पुलिस एवं प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी की गई, जिससे यातायात और कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो। चकिया तिराहा पहुंचकर छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया और सरकार से जल्द सकारात्मक कार्रवाई की मांग दोहराई।
प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने कहा कि उनका उद्देश्य लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात सरकार तक पहुंचाना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार छात्रों की भावनाओं का सम्मान करते हुए शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार करेगी और आवश्यक कदम उठाएगी।
BTT News Chandauli
Santosh Yadav