चंदौली ब्यूरो :: जनपद चन्दौली के थाना धानापुर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए पुलिस कस्टडी रिमाण्ड पर लिए गए अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध देशी तमंचा एवं फायरशुदा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को रमरजाय चौराहे के पास विजय बहादुर सिंह निवासी ग्राम प्रकाशपुर, थाना धीना के साथ अखिलेश सिंह, चन्दन सिंह एवं रतनराज सिंह निवासी ग्राम डबरिया द्वारा मारपीट की गई थी। इस दौरान अवैध असलहे से फायरिंग की गई तथा तमंचे की बट से हमला कर वादी को घायल कर दिया गया। मामले में थाना धानापुर पर मुकदमा संख्या 118/2026, धारा 109, 115(2), 351(3), 352, 324(2) बीएनएस एवं 7 सीएलए एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया गया था।

घटना के बाद अभियुक्त अखिलेश सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, जबकि दूसरे अभियुक्त चन्दन सिंह ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेजा गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह एवं उनकी टीम ने न्यायालय से पुलिस कस्टडी रिमाण्ड प्राप्त कर अभियुक्त चन्दन सिंह से पूछताछ की। शुक्रवार 24 जुलाई को अभियुक्त की निशानदेही पर ग्राम डबरिया जाने वाले मार्ग से लगभग 100 मीटर अंदर झाड़ियों में छिपाकर रखा गया घटना में प्रयुक्त 315 बोर का एक अवैध देशी तमंचा तथा एक फायरशुदा कारतूस बरामद किया गया।

बरामदगी के आधार पर अभियोग में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण करने के बाद अभियुक्त को पुनः जिला कारागार वाराणसी भेज दिया गया।

बरामदगी

  • एक देशी तमंचा (315 बोर)
  • एक फायरशुदा कारतूस (315 बोर)

अभियुक्त

चन्दन सिंह पुत्र अक्षयवर सिंह, निवासी ग्राम डबरिया, थाना धानापुर, जनपद चन्दौली।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।