दुल्हीपुर आरसी हॉस्पिटल के समीप शुक्रवार को दवा लेने गई एक महिला का 6 वर्षीय बेटा अचानक गायब हो गया। सूचना मिलते ही दुल्हीपुर चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज आधे घंटे में बच्चे को खोजकर सकुशल उसकी मां के हवाले कर दिया।जानकारी के अनुसार हाजरा खातून पत्नी अकबर अली अपने 6 वर्षीय बेटे अरबाज अली के साथ आरसी हॉस्पिटल के पास दवा लेने गई थीं। इसी दौरान अरबाज भीड़ में कहीं चला गया। बेटे के गायब होने से मां घबरा गई और रोने-चिल्लाने लगी।स्थानीय लोगों ने तुरंत दुल्हीपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह और कांस्टेबल बाल कृष्ण यादव को सूचना दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत बच्चे की तलाश शुरू कर दी।चौकी पुलिस की सक्रियता से आधे घंटे के अंदर ही अरबाज अली को खोज निकाला गया और उसे सकुशल उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चे को सकुशल पाकर मां की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दुल्हीपुर चौकी पुलिस, चौकी प्रभारी संजय कुमार सिंह और कांस्टेबल बाल कृष्ण यादव की तत्परता और सराहनीय कार्य की जमकर प्रशंसा की।