दुल्हीपुर क्षेत्र के महाबलपुर गांव में मंगलवार को 24 वर्षीय युवक रामजनम प्रजापति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से गांव में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।मृतक रामजनम प्रजापति, पुत्र बिहारी लाल प्रजापति का सबसे छोटा बेटा था। परिवार में तीन भाई और तीन बहनें हैं, जिनकी शादी पहले ही हो चुकी है। रामजनम राजगीर का काम करके अपने परिवार का सहयोग करता था और घर की जिम्मेदारियों को संभालता था।परिजनों के अनुसार, मंगलवार को रामजनम घर के अंदर अचानक गिर गया। आनन-फानन में परिजनों ने उसे संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।हालांकि, घटनास्थल पर मृतक की गर्दन पर निशान पाए जाने की बात सामने आई है। गर्दन पर निशान मिलने के कारण मौत के कारणों को लेकर संदेह गहरा गया है। इसी वजह से परिजन और ग्रामीण भी इस मौत को सामान्य नहीं मान रहे हैं।घटना की जानकारी मिलते ही दुल्हीपुर चौकी प्रभारी संजय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ की। कुछ देर बाद मुगलसराय कोतवाल विजय प्रताप सिंह भी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।ग्राम प्रधान अर्चना सोनकर ने बताया कि उन्हें भी सूचना मिली है कि युवक घर के अंदर गिर गया था और इसी दौरान उसकी मौत हुई।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। कोतवाल विजय प्रताप सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।