15 अगस्त के कारण आज 17 अगस्त को होगा सम्पूर्ण समाधान दिवस

लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2026 को शनिवार के दिन पड़ने के कारण प्रदेश में आयोजित होने वाला सम्पूर्ण समाधान दिवस अब 17 आज अगस्त 2026, सोमवार को आयोजित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश शासन की ओर से इस संबंध में सभी अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

शासन की ओर से जारी पत्र के अनुसार, प्रदेश में प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को तहसील मुख्यालयों पर प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया जाता है। इस दौरान आम जनता की राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, सड़क, भूमि विवाद सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों को सुनकर उनके निस्तारण की कार्रवाई की जाती है।

जारी आदेश में बताया गया है कि 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस का सार्वजनिक अवकाश होने के कारण निर्धारित तिथि पर सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया जाना संभव नहीं था ऐसे में 15 अगस्त के स्थान पर आज 17 अगस्त 2026, सोमवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे के बाद सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

शासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्धारित व्यवस्था के अनुसार कार्यक्रम का आयोजन सुनिश्चित किया जाए तथा शासनादेश में दिए गए दिशा-निर्देशों का अनुपालन किया जाए। अधिकारियों से यह भी अपेक्षा की गई है कि समाधान दिवस में प्राप्त जनशिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए उनका नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।

सम्पूर्ण समाधान दिवस शासन की जनसुनवाई व्यवस्था का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसके जरिए आम नागरिक सीधे तहसील स्तर के अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं और शिकायतें प्रस्तुत कर सकते हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रशासन द्वारा ऐसे आयोजनों में प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया जाता है।

इसलिए जिन लोगों को 15 अगस्त को होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस में अपनी शिकायत दर्ज करानी थी, वे अब आज 17 अगस्त 2026 को संबंधित तहसील मुख्यालय पहुंचकर अपनी समस्या अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं।