मिर्जापुर/प्रयागराज। बेलन नदी के कैचमेंट क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नदी उफान पर है। रातभर हुई मूसलाधार बारिश से बेलन नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। मौसम विभाग की ओर से अभी अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी है, जिससे नदी के जलस्तर में और वृद्धि की आशंका बनी हुई है।
प्रयागराज जिले के कोरांव क्षेत्र में बेलन नदी को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, क्योंकि यह क्षेत्र नदी के निचले हिस्से में स्थित है। ऐसे में ऊपरी इलाकों से आने वाले पानी का असर यहां अधिक देखने को मिल सकता है।
बेलन नदी का प्रवाह सोनभद्र से होते हुए मिर्जापुर और प्रयागराज तक पहुंचता है। आगे यह पानी सोहागी पहाड़ के समीप टोंस नदी में मिल जाता है। इसके बाद टोंस नदी प्रयागराज के मेजा क्षेत्र में सिरसा के समीप गंगा नदी में समाहित होती है।
लगातार बारिश को देखते हुए नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। प्रशासन और स्थानीय लोगों की नजर लगातार नदी के बढ़ते जलस्तर पर बनी हुई है।
