मथैला नहर में डूबने से भाई-बहन की मौत, परिवार में मचा कोहराम
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के ग्राम मथैला में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में भाई-बहन की नहर में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों बच्चों के शव नहर से बाहर निकलवाए।
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को प्राथमिक विद्यालय मथैला में छुट्टी होने के बाद बच्चे अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे मथैला नहर पुलिया के पास स्थित नीम के पेड़ के नीचे कपड़े का झूला बनाकर झूलने लगे। इसी बीच उत्सुकतावश गोविंद मौर्य की चार वर्षीय पुत्री भी झूला झूलने पहुंची। झूला झूलते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नहर में जा गिरी।
बहन को नहर में गिरता देख उसका 10 वर्षीय बड़ा भाई क्षितिज उसे बचाने के लिए नहर में उतर गया। पानी गहरा होने के कारण वह भी डूब गया। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। बलुआ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाकर नहर में दोनों बच्चों की तलाश शुरू कराई गई। काफी प्रयास के बाद दोनों के शव बरामद कर लिए गए।
पुलिस ने शवों का नियमानुसार पंचायतनामा भरकर अन्य विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है। क्षेत्राधिकारी सकलडीहा ने बताया कि घटना में दो बच्चों की नहर में डूबने से मृत्यु हुई है। मौके पर पुलिस बल तैनात है और शांति व्यवस्था कायम है।