वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को वाराणसी पहुंचे। यहां उन्होंने बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के साथ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। मुख्यमंत्री गंगा और वरुणा नदी से प्रभावित इलाकों की स्थिति देखेंगे और राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे।
मुख्यमंत्री के वाराणसी पहुंचने के बाद पुलिस लाइन में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बाढ़ की स्थिति तथा राहत कार्यों को लेकर समीक्षा की गई। इसके बाद वह शिवपुर क्षेत्र स्थित विद्या विहार इंटर कॉलेज में बनाए गए बाढ़ राहत शिविर पहुंचे। यहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत सामग्री वितरित की।
राहत शिविर में बड़ी संख्या में प्रभावित परिवार शरण लिए हुए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराने में किसी तरह की लापरवाही न हो। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखने पर भी जोर दिया गया है।
वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से कई निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन की ओर से राहत शिविरों और बचाव व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के दौरे से प्रभावित लोगों को राहत कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है। प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत सामग्री पहुंचाई जाए और उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।