मिर्जापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र के भगौतीदेई स्थित एसएस रंजन स्टोन प्लांट में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। प्लांट में अचानक निर्माण का एक हिस्सा ढह गया, जिसकी चपेट में आकर चार मजदूर मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव कार्य चलाकर मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मृतकों की पहचान सोनभद्र जिले के बड़गांव निवासी लाल बहादुर, अशोक, राकेश और दुर्योधन के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ब्लास्टिंग के दौरान हुए कंपन से प्लांट का स्ट्रक्चर कमजोर होकर गिरा। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच प्रशासन द्वारा की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने का काम कराया। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
हादसे के बाद स्टोन प्लांट में सुरक्षा मानकों और घटना की परिस्थितियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।